सारे शरीर में खुजली होती है और चकत्‍ते पड़ जाते हैं? ये आजमाएं

सारे शरीर में खुजली होती है और चकत्‍ते पड़ जाते हैं? ये आजमाएं

सेहतराग टीम

खुजली त्‍वचा की एलर्जी का एक रूप होता है। जिन लोगों को इसकी परेशानी होती है सिर्फ वही जानते हैं कि इसके कारण कितना कष्‍ट झेलना होता है। इस आलेख में ही कुछ सवालों के जरिये खुजली से सबंधित जानकारी पाठकों को देंगे।

प्रश्‍न: शरीर पर गहरे लाल रंग की टेढ़ी-मेढ़ी लकीरें पड़ जाती हैं। उनमें खुजली होती है और छोटे-छोटे दाने उभर आते हैं। ऐसा क्‍यों होता है?

उत्‍तर: ये सब लक्षण एलर्जी से संबद्ध है। ये एलर्जी किसी भोजन सामगी, दवा या किसी बीमारी के कारण हो सकती है। कुछ विशेष जांचों के जरिये एलर्जी के कारण का पता चल सकता है और फिर इलाज हो सकता है।

प्रश्‍न: सारे शरीर में खुजली होती है और चकत्‍ते पड़ जाते हैं। इलाज बताएं।

उत्‍तर: खुजली का कारण एलर्जी है। जब तक जांच के जरिये एलर्जी का कारण पता नहीं चल जाता तब तक तात्‍कालिक राहत के लिए अल्‍टीवा 120 मिलीग्राम की एक गोली रोजाना ले सकते हैं।

प्रश्‍न: सारे बदन में खुजली रहती है। खून निकलने तक खुजलाता रहता हूं। इस खुजली का क्‍या कारण हो सकता है?

उत्‍तर: चर्म रोगों के अलावा दूसरे कई कारणों से खुजली हो सकती है। चर्म रोगों में दाद, खाज, सोराइसिस, स्‍केबीज, एलर्जी आदि प्रमुख हैं। इसका कारण मनोरोग भी हो सकता है। इसमें व्‍यक्ति को यह भ्रम हो जाता है कि कोई कीड़ा चमड़ी के नीचे छिपा है और उसे निकालने के लिए मनोरोगी अपनी चमड़ी खुजलाता रहता है। वृद्धावस्‍था में चमड़ी के खुश्‍क हो जाने के कारण खुजली होने लगती है। एस्‍प्रीन दवा भी खुजली का कारण हो सकती है। कई प्रकार की बीमार‍ियों में भी यह स्थिति हो सकती है। इसलिए खुजली के सही कारण का पता लगाने के लिए फीजिशियन की सलाह लें और उसकी सलाह के अनुसार ही इलाज करें।

प्रश्‍न: पैरों की उंगलियों के बीच बहुत अधिक खुजली होती है। खुजलाने पर राहत मिलती है। बाद में जलन होती है और खून भी निकल आता है। पानी लगने से खुजली शुरू हो जाती है।

उत्‍तर: इस प्रकार के लक्षण कई चर्म रोगों के होते हैं मगर उन सभी का इलाज अलग-अलग होता है। कुछ जांचों के जरिये पता चल सकता है कि ये कोई चर्म रोग है या किसी एलर्जी के कारण खुजली हो रही है। जांच होने तक प्रभावित भाग को पानी से बचाकर रखें।

(यह आलेख प्रो. (डॉ) एम.पी. श्रीवास्‍तव और डॉ. संजय श्रीवास्‍तव की किताब सवाल आपके जवाब डॉक्‍टर के से साभार लिया गया है।)

 

इसे भी पढ़ें-

एलर्जी से परेशान? डॉक्‍टर से जानिये जवाब

हर व्यक्ति को किसी न किसी चीज से एलर्जी होती है, इसलिए जानें कारण, लक्षण व बचाव के उपाय

बॉडी बिल्डिंग के लिए डाइट सप्लीमेंट कितने सुरक्षित

बढ़ती कमर और पेट से घटती है उमर, जानें कमर और पेट कम करने के तरीके

अगर है ऊन से एलर्जी तो बचने के ये उपाय जान लें

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।